
बनबसा। शुक्रवार शाम एनएचपीसी के गंगा सदन में आयोजित पत्रकार सम्मान एवं संवाद समारोह केवल एक औपचारिक कार्यक्रम नहीं रहा, बल्कि यह सम्मान, आत्मीयता और जनसरोकारों से जुड़ा ऐसा मंच बन गया जिसने हर उपस्थित व्यक्ति के दिल को छू लिया। पूरे आयोजन में सौहार्द, सहयोग और सकारात्मक संवाद की भावना स्पष्ट रूप से देखने को मिली।


कार्यक्रम में एनएचपीसी के पावर स्टेशन प्रमुख नृ्षि रंजन आर्य, महाप्रबंधक (विद्युत) मोहम्मद जावेद अंसारी सहित विभाग के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। वहीं बनबसा और टनकपुर क्षेत्र के पत्रकारों, व्यापारियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं एवं जनप्रतिनिधियों की गरिमामयी उपस्थिति ने समारोह की भव्यता को और बढ़ा दिया। कार्यक्रम का प्रभावशाली संचालन आशीष गोयल ने किया।
समारोह की शुरुआत अतिथियों के स्वागत एवं सम्मान के साथ हुई। इस दौरान पावर स्टेशन प्रमुख नृ्षि रंजन आर्य ने एनएचपीसी द्वारा क्षेत्र में किए जा रहे सामाजिक, विकासपरक एवं जनहितकारी कार्यों की विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कहा कि एनएचपीसी केवल बिजली उत्पादन तक सीमित संस्था नहीं है, बल्कि समाज और क्षेत्र के विकास के लिए भी पूरी जिम्मेदारी और संवेदनशीलता के साथ कार्य कर रही है।
उन्होंने भरोसा दिलाया कि भविष्य में भी संस्था क्षेत्रीय समस्याओं के समाधान और विकास कार्यों में सक्रिय भूमिका निभाती रहेगी। संवाद सत्र के दौरान पत्रकारों, व्यापारियों और जनप्रतिनिधियों ने क्षेत्र से जुड़ी कई समस्याएं अधिकारियों के समक्ष रखीं, जिनमें से कई का मौके पर ही समाधान किया गया, जबकि अन्य मामलों के शीघ्र निस्तारण का आश्वासन दिया गया।
कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने एनएचपीसी की सकारात्मक कार्यशैली और जनभावनाओं के प्रति संवेदनशीलता की खुलकर सराहना की। वरिष्ठ पत्रकार विनोद काला ने एनएचपीसी की उपलब्धियों और क्षेत्र में किए जा रहे विकास कार्यों की प्रशंसा करते हुए पावर स्टेशन प्रमुख नृ्षि रंजन आर्य एवं महाप्रबंधक मोहम्मद जावेद अंसारी का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि एनएचपीसी लगातार समाजहित और क्षेत्रहित में सराहनीय कार्य कर रही है, जिससे स्थानीय लोगों को प्रत्यक्ष लाभ मिल रहा है।
समारोह का सबसे भावुक और प्रेरणादायी पल तब आया जब पावर स्टेशन प्रमुख नृ्षि रंजन आर्य ने अपने बचपन और पारिवारिक जीवन से जुड़ी यादें साझा कीं। उन्होंने कहा कि आज वह जिस मुकाम पर हैं, उसमें उनके पिता का सबसे बड़ा योगदान है। उन्होंने बच्चों को स्वतंत्र वातावरण देने और उन्हें आगे बढ़ने के अवसर उपलब्ध कराने की आवश्यकता पर जोर दिया।
उन्होंने मुस्कुराते हुए कहा कि आज भी जब वह अपने पिता को फोन करते हैं तो पिता सबसे पहले पूछते हैं —
“कितने रुपये चाहिए?”
उनकी यह आत्मीय बात सुनते ही पूरा सभागार तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा और माहौल भावुक हो गया।
महाप्रबंधक (विद्युत) मोहम्मद जावेद अंसारी ने भी सभी पत्रकारों, व्यापारियों एवं अतिथियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि एनएचपीसी सदैव जनसेवा और क्षेत्रहित के कार्यों के लिए प्रतिबद्ध रहेगी। कार्यक्रम के दौरान पत्रकारों और व्यापारियों को शॉल ओढ़ाकर सम्मानित भी किया गया।
पूरे आयोजन में सम्मान, संवेदनशीलता और आत्मीय संवाद का अद्भुत संगम देखने को मिला, जिसने इस समारोह को बनबसा क्षेत्र के यादगार आयोजनों में शामिल कर दिया।



GIPHY App Key not set. Please check settings