टनकपुर/बनबसा। जनपद चम्पावत के बनबसा क्षेत्र अंतर्गत ग्राम गुदमी में सोमवार तड़के एक परचून की दुकान में अचानक आग लगने से क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई। घटना की सूचना सुबह करीब 04:20 बजे फायर स्टेशन टनकपुर को प्राप्त हुई। सूचना मिलते ही माँ पूर्णागिरि मेला ड्यूटी में तैनात अस्थाई फायर यूनिट बनबसा तत्काल मौके के लिए रवाना हुई।

फायर कर्मियों ने घटनास्थल पर पहुंचकर देखा कि दुकान के भीतर आग तेजी से फैल रही थी और सामान जलकर धुएं में तब्दील हो रहा था। टीम ने बिना समय गंवाए एमएफई से पंपिंग कर होज रील की सहायता से आग बुझाने का अभियान शुरू किया। कड़ी मशक्कत और सूझबूझ के बाद आग पर सफलतापूर्वक काबू पा लिया गया।
गनीमत रही कि इस अग्निकांड में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई। हालांकि दुकान में रखा काफी सामान आग की चपेट में आने से नुकसान पहुंचा है। आग बुझाने के बाद फायर यूनिट द्वारा मौके पर मौजूद लोगों को अग्नि सुरक्षा संबंधी आवश्यक दिशानिर्देश भी दिए गए।
इस दौरान फायर यूनिट में एलएफएम राजेश कार्की, डीवीआर श्याम सिंह, एफएम जसवीर सिंह, एफएम विक्रम नेगी एवं एफएम अमित भट्ट मौजूद रहे। स्थानीय लोगों ने फायर कर्मियों की त्वरित कार्रवाई और साहस की सराहना की।


