
बनबसा! उत्तराखंड सरकार में दर्जा राज्य मंत्री एवं शहरी पर्यावरण संरक्षण परिषद की उपाध्यक्ष हेमा जोशी ने सोमवार को बनबसा में अपने नए कार्यालय का विधिवत उद्घाटन किया। पूजा-अर्चना और फीता काटकर कार्यालय का शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर क्षेत्र की महिलाओं, स्थानीय लोगों, भाजपा कार्यकर्ताओं और परिवारजनों की अच्छी उपस्थिति देखने को मिली।
कार्यक्रम के दौरान हेमा जोशी भावुक नजर आईं। उन्होंने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनके नेतृत्व में उत्तराखंड विकास की नई ऊंचाइयों को छू रहा है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार लगातार जनहित और विकास से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता के साथ आगे बढ़ा रही है।

आगामी विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर भी हेमा जोशी ने बड़ा राजनीतिक दावा किया। उन्होंने कहा कि भाजपा इस बार उत्तराखंड में रिकॉर्ड जीत दर्ज करेगी। उन्होंने कहा कि पिछली बार भी मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में भाजपा ने ऐतिहासिक सफलता हासिल की थी और अब जनता का विश्वास पहले से और अधिक मजबूत हुआ है।
हेमा जोशी ने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का कार्य लगातार किया जा रहा है। महिलाओं, युवाओं और जरूरतमंद वर्ग के उत्थान के लिए सरकार कई महत्वपूर्ण योजनाएं संचालित कर रही है।
इस अवसर पर विधायक प्रतिनिधि दीपक रजवार, भाजपा मंडल अध्यक्ष कमलेश भट्ट, जिला पंचायत सदस्य सरोज चंद, नगर पालिका अध्यक्ष गीता देवी, अधिशासी अधिकारी दीपक बुडलाकोटी, जिला अध्यक्ष दीपा जोशी, सुनीता मुरारी, अमित जोशी सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।


