
मानसून सीजन और बदलते मौसम को देखते हुए जनपद चम्पावत में संभावित विद्युत हादसों की रोकथाम को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आ रहा है। जिलाधिकारी श्री मनीष कुमार के निर्देश पर जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण, चम्पावत द्वारा जनहित में महत्वपूर्ण जागरूकता अपील जारी की गई है।
प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि यदि कहीं भी जर्जर बिजली पोल, झुके हुए खंभे, पेड़ों में उलझे बिजली के तार, खुले या लटकते विद्युत तार दिखाई दें तो उसकी सूचना तत्काल जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र को दें, ताकि समय रहते संबंधित विभाग कार्रवाई कर सके।
जिलाधिकारी श्री मनीष कुमार ने कहा कि मानसून के दौरान तेज बारिश और हवाओं के चलते बिजली से जुड़े हादसों की संभावना बढ़ जाती है। ऐसे में छोटी सी लापरवाही भी बड़ी दुर्घटना का कारण बन सकती है। उन्होंने जनसुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता बताते हुए लोगों से सतर्क रहने और किसी भी असुरक्षित विद्युत स्थिति की तुरंत जानकारी देने की अपील की।
प्रशासन की ओर से जारी हेल्पलाइन नंबर
7895318895, 7579060090, 9528135726
तथा टोल फ्री नंबर 1077 (05965-230819) पर सूचना देने को कहा गया है।
जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि नागरिकों की जागरूकता और समय पर दी गई सूचना किसी बड़ी जनहानि को रोक सकती है। साथ ही लोगों से अपील की गई है कि खुले तारों या क्षतिग्रस्त पोल के पास जाने अथवा स्वयं ठीक करने का प्रयास न करें, बल्कि तुरंत प्रशासन को सूचित करें।


