पीलीभीत । समाज सेवा और जनकल्याण के क्षेत्र में लगातार सक्रिय श्री राधा माधव संकीर्तन मंडल, पीलीभीत ने एक बार फिर अपनी सेवा भावना का परिचय देते हुए गोहनिया चौराहे पर विशेष जनहित कार्यक्रम आयोजित किया। इस दौरान मंडल ने नेकी की दीवार संस्था के बच्चों के सहयोग से बाइक चालकों को हेलमेट वितरित किए तथा राहगीरों और आम नागरिकों को तौलिये, मीठा शीतल जल एवं ठंडे पानी की बोतलें भेंट कीं।

भीषण गर्मी के बीच आयोजित इस सेवा अभियान को लोगों ने खूब सराहा। हेलमेट वितरण के माध्यम से संस्था ने सड़क सुरक्षा का महत्वपूर्ण संदेश देते हुए लोगों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक किया। वहीं शीतल जल और तौलियों के वितरण से राहगीरों को राहत प्रदान की गई।
कार्यक्रम में मंडल के वरिष्ठ सदस्य नीरज भैया की विशेष भूमिका रही, जिनके मार्गदर्शन में यह सेवा कार्य सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। उपस्थित लोगों ने उनके प्रयासों की मुक्त कंठ से प्रशंसा करते हुए संस्था को शुभकामनाएं दीं।
नगरवासियों ने कहा कि श्री राधा माधव संकीर्तन मंडल केवल धार्मिक गतिविधियों तक सीमित नहीं है, बल्कि वर्षों से समाज के जरूरतमंद लोगों की सेवा, जनजागरूकता और मानवता के कार्यों में निरंतर जुटा हुआ है। संस्था द्वारा किए जा रहे ऐसे कार्य समाज के लिए प्रेरणास्रोत हैं।
इस अवसर पर उपस्थित लोगों ने संस्था के सभी पदाधिकारियों, स्वयंसेवकों और नेकी की दीवार संस्था के बच्चों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल सामाजिक योगदान की सराहना की।
“मानव सेवा ही माधव सेवा है” के भाव को साकार करता यह अभियान समाज में सेवा, सुरक्षा और सद्भाव का सुंदर संदेश छोड़ गया।
राधे-राधे! 🙏🌹


