टनकपुर/चंपावत। मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में जनपद चंपावत में विकास कार्य लगातार नई ऊंचाइयों को छू रहे हैं। इसी क्रम में मुख्यमंत्री के निर्देशानुसार नोडल अधिकारी श्री केदार सिंह बृजवाल ने देहरादून में उत्तराखंड पावर कॉर्पोरेशन लिमिटेड (यूपीसीएल) के प्रबंध निदेशक श्री गजेन्द्र सिंह बुदियाल से शिष्टाचार भेंट कर जनपद के विद्युत विकास कार्यों को लेकर महत्वपूर्ण चर्चा की।
बैठक के दौरान चंपावत, बनबसा और टनकपुर क्षेत्र में विद्युत व्यवस्थाओं को और अधिक मजबूत एवं आधुनिक बनाने पर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया। विशेष रूप से चंपावत नगर में भूमिगत विद्युत लाइन निर्माण, पूर्णागिरि धाम क्षेत्र में विद्युतीकरण एवं स्ट्रीट लाइट स्थापना, तथा उन ग्रामीण क्षेत्रों तक बिजली पहुंचाने पर जोर दिया गया जहां अब तक विद्युत सुविधा उपलब्ध नहीं हो सकी है।
नोडल अधिकारी श्री केदार सिंह बृजवाल ने जनपद में संचालित विभिन्न विद्युत परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा करते हुए उन्हें समयबद्ध तरीके से पूरा करने की आवश्यकता पर बल दिया। वहीं यूपीसीएल प्रबंधन ने भी जनपद की विद्युत आवश्यकताओं को प्राथमिकता देने का आश्वासन दिया।
क्षेत्रवासियों का कहना है कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में चंपावत जिले में सड़क, स्वास्थ्य, शिक्षा और विद्युत जैसे आधारभूत ढांचे को मजबूत करने के लिए निरंतर प्रभावी कदम उठाए जा रहे हैं। विद्युत व्यवस्था के सुदृढ़ होने से जहां आम जनता को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी, वहीं पर्यटन एवं स्थानीय विकास को भी नई गति प्राप्त होगी।
जनपद चंपावत को आधुनिक और बेहतर सुविधाओं से जोड़ने की दिशा में यह पहल एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है, जिससे आने वाले समय में क्षेत्र के ग्रामीण और शहरी दोनों क्षेत्रों को बड़ा लाभ मिलेगा।


