
चम्पावत जनपद के लटोली गांव निवासी भारतीय सेना के सेवानिवृत्त लेफ्टिनेंट जनरल गजेंद्र जोशी को राष्ट्र के प्रति उनकी असाधारण एवं विशिष्ट सैन्य सेवाओं के लिए परम विशिष्ट सेवा मेडल (PVSM) से सम्मानित किए जाने पर पूरे जनपद में गर्व और हर्ष का माहौल है। 29 जून 2026 को राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मू ने उन्हें इस प्रतिष्ठित सैन्य सम्मान से अलंकृत किया।
लेफ्टिनेंट जनरल (से.नि.) गजेंद्र जोशी ने अपने लंबे सैन्य जीवन में श्रीलंका के ऑपरेशन पवन, पूर्वोत्तर भारत के आतंकवाद विरोधी अभियानों तथा जम्मू-कश्मीर के ऑपरेशन रक्षक सहित कई महत्वपूर्ण अभियानों में उत्कृष्ट नेतृत्व का परिचय दिया। उन्होंने भारतीय सेना की प्रतिष्ठित स्ट्राइक वन कोर के कमांडर तथा महू स्थित इन्फैंट्री स्कूल के कमांडेंट के रूप में भी महत्वपूर्ण जिम्मेदारियों का सफलतापूर्वक निर्वहन किया।
इससे पहले भी उनकी उत्कृष्ट सेवाओं के लिए उन्हें अति विशिष्ट सेवा मेडल (AVSM) और सेना मेडल (SM) से सम्मानित किया जा चुका है। अब परम विशिष्ट सेवा मेडल से सम्मानित होना उनकी अनुकरणीय नेतृत्व क्षमता, कर्तव्यनिष्ठा और राष्ट्रसेवा के प्रति समर्पण का सर्वोच्च सम्मान माना जा रहा है।
जिलाधिकारी मनीष कुमार ने इस उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि लेफ्टिनेंट जनरल (से.नि.) गजेंद्र जोशी ने अपनी वीरता, अनुशासन और उत्कृष्ट सैन्य नेतृत्व से न केवल उत्तराखंड बल्कि पूरे देश का गौरव बढ़ाया है। उनका जीवन युवाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत है और यह सम्मान पूरे चम्पावत जनपद के लिए गर्व का विषय है।

