देहरादून/टनकपुर। इंडोनेशिया की राजधानी जकार्ता में 3 से 16 जुलाई 2026 तक आयोजित होने वाली एशियन बॉक्सिंग U-19 एवं U-23 चैंपियनशिप में उत्तराखंड की मजबूत भागीदारी देखने को मिलेगी। स्पोर्ट्स हॉस्टल बॉक्सिंग टनकपुर के प्रशिक्षक ललित मोहन कुंवर का चयन भारतीय पुरुष टीम के कोच के रूप में हुआ है। वहीं, उत्तराखंड के पिथौरागढ़ जनपद की दो प्रतिभाशाली महिला मुक्केबाज निकिता चंद और काजल फर्स्वाण U-23 वर्ग में भारतीय टीम का प्रतिनिधित्व करते हुए देश के लिए पदक जीतने के इरादे से रिंग में उतरेंगी।
उत्तराखंड बॉक्सिंग एसोसिएशन के महासचिव गोपाल सिंह खोलिया ने बताया कि इस प्रतिष्ठित अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में एशिया के 26 राष्ट्रीय महासंघों के युवा मुक्केबाज हिस्सा लेंगे। ऐसे में भारतीय टीम में उत्तराखंड के खिलाड़ियों और कोच का चयन प्रदेश के लिए गौरव की बात है। उन्होंने विश्वास जताया कि भारतीय टीम इस प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर देश का नाम रोशन करेगी।
उन्होंने कहा कि टनकपुर स्पोर्ट्स हॉस्टल में खिलाड़ियों को आधुनिक सुविधाओं और उच्च स्तरीय प्रशिक्षण का लाभ मिल रहा है, जिसका सकारात्मक परिणाम अब राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर दिखाई देने लगा है। उत्तराखंड के खिलाड़ी लगातार अपनी प्रतिभा के दम पर भारतीय टीम में स्थान बना रहे हैं, जिससे प्रदेश में मुक्केबाजी के प्रति युवाओं का उत्साह भी बढ़ा है।
इस उपलब्धि पर जिला क्रीड़ा अधिकारी चंदन सिंह बिष्ट, एथलेटिक प्रशिक्षक मुकेश शर्मा, फुटबॉल प्रशिक्षक गौरव खोलिया, पवनेश पाटनी, बॉक्सिंग प्रशिक्षक सूरज पांडे, क्रिकेट प्रशिक्षक मनोज टकवाल, हॉकी प्रशिक्षक प्रकाश सिंह, वॉलीबॉल प्रशिक्षक आशा पांडे, बास्केटबॉल प्रशिक्षक सुभाष पांडे, हैंडबॉल प्रशिक्षक महेश चुफाल, नवीन चौहान, रचित वल्दिया, चम्पावत बॉक्सिंग एसोसिएशन के अध्यक्ष दीपक छतवाल, सचिव विकास राय, कोषाध्यक्ष आलोक अग्रवाल, मनोज गुप्ता एवं दीपक शारदा सहित खेल जगत से जुड़े अनेक लोगों ने कोच ललित मोहन कुंवर, निकिता चंद और काजल फर्स्वाण को शुभकामनाएं देते हुए प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन की कामना की।
महासचिव गोपाल सिंह खोलिया ने कहा कि उत्तराखंड के कोच और खिलाड़ियों का अंतरराष्ट्रीय मंच पर देश का प्रतिनिधित्व करना पूरे प्रदेश के लिए गर्व का विषय है। यह उपलब्धि प्रदेश में मुक्केबाजी के निरंतर बढ़ते स्तर, खिलाड़ियों की मेहनत और प्रशिक्षकों के समर्पण का प्रमाण है। उन्होंने उम्मीद जताई कि भारतीय टीम इस प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर देश और उत्तराखंड का नाम गौरवान्वित करेगी।


