टनकपुर। उत्तराखंड शहरी विकास के नगरीय पर्यावरण पर्यवेक्षण की उपाध्यक्ष श्रीमती हेमा जोशी शुक्रवार को नगर पालिका परिषद टनकपुर पहुंचीं। इस दौरान पालिकाध्यक्ष विपिन कुमार, सभासदों एवं पालिका अधिकारियों ने उनका स्वागत किया।
बैठक में उपाध्यक्ष हेमा जोशी ने सभासदों एवं बोर्ड के सदस्यों के साथ नगर के विकास कार्यों, स्वच्छता तथा सौंदर्यीकरण से जुड़े विषयों पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि नगर में संचालित विकास कार्यों एवं सौंदर्यीकरण योजनाओं को समयबद्ध ढंग से पूरा कराया जाए, ताकि आम जनता को बेहतर सुविधाएं मिल सकें।
बैठक के दौरान 5 जुलाई को प्रस्तावित मुख्यमंत्री के टनकपुर आगमन एवं कैलाश मानसरोवर यात्रा कार्यक्रम की तैयारियों की भी समीक्षा की गई। उपाध्यक्ष ने अधिकारियों को सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय से पूर्ण करने के निर्देश दिए।
इस अवसर पर उत्तराखंड सरकार के पांच वर्ष पूर्ण होने पर उन्होंने बोर्ड एवं पालिका कर्मचारियों को शुभकामनाएं भी दीं। वहीं सभासदों ने नगर की विभिन्न प्राथमिकताओं और मुख्यमंत्री घोषणाओं के अंतर्गत प्रस्तावित योजनाओं से उन्हें अवगत कराया, जिन पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक में सभासद दिनेश कुमार, सत्या बाल्मीकि, शैलेन्द्र सिंह सहित अन्य सभासद एवं नगर पालिका के कर्मचारी उपस्थित रहे।


