in , ,

सीमांत उत्तराखंड के लिए बड़ी सौगात: ऑल वेदर रोड पर स्वाला बाधा समाप्त, यात्रियों को मिली राहत

वर्षों का इंतजार खत्म: बरसात में नहीं थमेगा सफर, स्वाला डेंजर ज़ोन से मिली स्थायी राहत

Oplus_131072

टनकपुर/चम्पावत। पहाड़ की जीवनरेखा माने जाने वाले टनकपुर–पिथौरागढ़ ऑल वेदर राष्ट्रीय राजमार्ग से जुड़ी वर्षों पुरानी सबसे बड़ी समस्या का समाधान हो गया है। बरसात के मौसम में भूस्खलन के कारण बार-बार बंद होने वाला स्वाला डेंजर ज़ोन अब पूरी तरह सुरक्षित बना दिया गया है। सुधारीकरण कार्य पूर्ण होने के बाद इस महत्वपूर्ण मार्ग पर अब 24 घंटे निर्बाध यातायात संचालित होगा, जिससे चम्पावत और पिथौरागढ़ सहित सीमांत क्षेत्र की जनता को बड़ी राहत मिलेगी।

यह सड़क केवल एक मार्ग नहीं, बल्कि सीमांत उत्तराखंड की लाइफ लाइन है। इसी रास्ते से मरीज अस्पताल पहुंचते हैं, विद्यार्थी शिक्षा के लिए सफर करते हैं, व्यापारी आवश्यक वस्तुओं की आपूर्ति करते हैं तथा सेना एवं अन्य आपातकालीन सेवाओं की आवाजाही होती है। हर वर्ष बारिश के दौरान स्वाला क्षेत्र में भूस्खलन के कारण सड़क कई दिनों तक बंद हो जाती थी, जिससे आम लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता था।

सरकारी जानकारी के अनुसार मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी के निरंतर प्रयासों, नियमित मॉनिटरिंग और स्पष्ट निर्देशों के चलते इस संवेदनशील क्षेत्र का स्थायी उपचार संभव हो सका। वहीं जिलाधिकारी श्री मनीष कुमार ने पिछले एक वर्ष से परियोजना की लगातार जमीनी स्तर पर निगरानी करते हुए कार्यदायी संस्था के साथ समन्वय बनाए रखा, जिसके परिणामस्वरूप कठिन भौगोलिक परिस्थितियों के बावजूद कार्य समय पर पूरा हो सका।

इस उपलब्धि के बाद अब रात 8 बजे के बाद टनकपुर और पिथौरागढ़ की ओर जाने वाले वाहनों को रोके जाने की व्यवस्था समाप्त हो जाएगी। इससे स्थानीय जनता, व्यापारियों, पर्यटकों, आपातकालीन सेवाओं तथा सीमांत क्षेत्र के विकास को नई गति मिलने की उम्मीद है।

इस अवसर पर क्षेत्रवासियों और जनप्रतिनिधियों ने प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री श्री नितिन गडकरी, केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग राज्य मंत्री एवं क्षेत्रीय सांसद श्री अजय टम्टा, तथा मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी का आभार व्यक्त किया। साथ ही जिला प्रशासन, कार्यदायी संस्था के अभियंताओं एवं पूरी टीम को भी इस महत्वपूर्ण कार्य के सफलतापूर्वक पूर्ण होने पर बधाई दी।

कार्यक्रम के दौरान दर्जा राज्य मंत्री श्री श्याम नारायण पाण्डेय, दर्जा राज्य मंत्री श्री मुकेश महराना, विधायक प्रतिनिधि श्री प्रकाश तिवारी, भाजपा जिलाध्यक्ष श्री गोविंद सामंत, भाजपा प्रदेश मंत्री श्री निर्मल माहरा, श्री शंकर पांडे, भाजपा जिला उपाध्यक्ष श्री कैलास अधिकारी, श्री रोहित बिष्ट, राष्ट्रीय राजमार्ग के अधिकारी तथा अन्य जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

पोर्टल चैनल की नजर में, स्वाला डेंजर ज़ोन का स्थायी समाधान केवल एक निर्माण कार्य नहीं, बल्कि पहाड़ के लोगों की वर्षों पुरानी पीड़ा का अंत है। यह उपलब्धि सीमांत उत्तराखंड के सुरक्षित, सुगम और निरंतर विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर साबित होगी।

Rajiv Gupta

Written by Rajiv Gupta

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

भारतीय पुरुष बॉक्सिंग टीम के कोच के रूप में उत्तराखंड का बढ़ाया मान, खिलाड़ियों व प्रशिक्षकों ने दी जोरदार बधाई

नीट परीक्षा मामले पर कांग्रेस का हल्ला बोल, धर्मेंद्र प्रधान का पुतला दहन