टनकपुर। देशभर में सामने आए कथित पेपर लीक मामलों तथा दिल्ली में प्रदर्शन कर रहे युवाओं पर पुलिस कार्रवाई के विरोध में नगर कांग्रेस कमेटी टनकपुर ने सोमवार को नगर के मुख्य बाजार में जोरदार प्रदर्शन किया। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान का पुतला दहन किया और उनके इस्तीफे की मांग उठाई।

प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि प्रतियोगी परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं और पेपर लीक की घटनाओं से लाखों युवाओं का भविष्य प्रभावित हुआ है। साथ ही, उन्होंने प्रदर्शन कर रहे युवाओं पर पुलिस द्वारा की गई कार्रवाई की आलोचना करते हुए इसे लोकतांत्रिक अधिकारों के विपरीत बताया।
नगर कांग्रेस अध्यक्ष श्याम कुमार ने कहा कि देश का युवा अपने भविष्य को लेकर चिंतित है, लेकिन सरकार उनकी समस्याओं के समाधान के बजाय उनकी आवाज दबाने का प्रयास कर रही है। उन्होंने शिक्षा मंत्री से नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए इस्तीफा देने की मांग की।
प्रदर्शन में यूथ कांग्रेस जिला उपाध्यक्ष नीरज मिश्रा, ब्लॉक अध्यक्ष, कांग्रेस सेवादल के पूर्व अध्यक्ष ईश्वरी प्रसाद, पूर्व छात्रसंघ कोषाध्यक्ष साहिल गिरी, संगठन मंत्री इरशाद अंसारी सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे। कार्यकर्ताओं ने सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए युवाओं के हितों की रक्षा के लिए प्रभावी कदम उठाने की मांग की।
कांग्रेस नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि युवाओं से जुड़े मुद्दों पर शीघ्र ठोस कार्रवाई नहीं हुई, तो भविष्य में आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा


