in , ,

कारगिल के रणबांकुरों को नमन, टनकपुर में सम्मान समारोह और वृक्षारोपण

कारगिल विजय दिवस पर टनकपुर में शहीदों को भावभीनी श्रद्धांजलि, पूर्व सैनिकों के साथ जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की टीम भी रही मौजूद

Oplus_131072

कारगिल विजय दिवस के अवसर पर टनकपुर सैनिक विश्राम कक्ष में अखिल भारतीय पूर्व सैनिक परिषद के तत्वावधान में श्रद्धांजलि एवं सम्मान समारोह का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम का शुभारंभ तहसीलदार श्रीमती पिंकी आर्य एवं विशिष्ट अतिथि कोतवाल श्री चेतन रावत ने दीप प्रज्वलित कर तथा कारगिल युद्ध के अमर शहीदों को श्रद्धासुमन अर्पित कर किया।

इस अवसर पर कोतवाल चेतन रावत ने कहा कि कारगिल विजय दिवस भारतीय सेना के अदम्य साहस, शौर्य और सर्वोच्च बलिदान का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि यह दिन प्रत्येक भारतीय को देशभक्ति और राष्ट्रसेवा की प्रेरणा देता है।

कार्यक्रम में उपस्थित पूर्व सैनिकों ने वर्ष 1999 के कारगिल युद्ध से जुड़े अपने अनुभव साझा किए और युवा पीढ़ी से राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखने का आह्वान किया।

इस अवसर पर जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, चंपावत की टीम भी अपने सभी साथियों के साथ कार्यक्रम में उपस्थित रही और अखिल भारतीय पूर्व सैनिक परिषद के साथ मिलकर कारगिल विजय दिवस पर वीर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की। टीम ने राष्ट्र के वीर सैनिकों के त्याग और बलिदान को नमन करते हुए देशभक्ति एवं संवैधानिक कर्तव्यों के प्रति जागरूकता का संदेश भी दिया।

कार्यक्रम के समापन पर “शहीद सैनिकों के नाम एक वृक्ष” अभियान के तहत सैनिक विश्राम गृह परिसर में वृक्षारोपण भी किया गया।

कारगिल विजय दिवस पर आयोजित इस कार्यक्रम ने वीर शहीदों के बलिदान को याद करते हुए समाज में राष्ट्रभक्ति, सेवा और कर्तव्यनिष्ठा का संदेश दिया। कार्यक्रम में पूर्व सैनिकों के साथ जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सहभागिता ने इस आयोजन को और अधिक गरिमामय बना दिया।

कार्यक्रम का संचालन श्री राजेंद्र सिंह अधिकारी ने किया।

इस अवसर पर कैप्टन चंद्रशेखर गहतोड़ी, श्री केशव सिंह भंडारी, श्री जोश सिंह, श्री पूर्णानंद जोशी, सूबेदार मेजर महेश जोशी, सूबेदार पुष्कर सिंह बोरा, हवलदार मनोज तिवारी, हवलदार कैलाश राय, सूबेदार धर्म सिंह रावत, हवलदार दिग्विजय तड़ागी, श्री अजय गुरुरानी, श्री विजेंद्र अग्रवाल, डॉ. देवी दत्त जोशी, श्री जगदीश जोशी सहित बड़ी संख्या में पूर्व सैनिक एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

Rajiv Gupta

Written by Rajiv Gupta

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

संत शिरोमणि श्री रविदास जी के 650वें प्रकटोत्सव के उपलक्ष्य में सरस्वती शिशु विद्या मंदिर टनकपुर बना खेल प्रतिभाओं का संगम

चंपावत जनपद के चारों नगर निकायों में मनोनीत सदस्यों ने ली शपथ, विकास और जनसेवा का लिया संकल्प