in , ,

टनकपुर से पौड़ी और श्रीनगर के लिए सीधी बस सेवा की उठी मांग, भाजपा मंडल अध्यक्ष ने सौंपा ज्ञापन

सीएम धामी के विधानसभा क्षेत्र से जनहित की मांग, परिवहन निगम को सौंपा ज्ञापन

टनकपुर से पौड़ी और श्रीनगर गढ़वाल के लिए सीधी बस सेवाएं शुरू करने तथा टनकपुर डिपो को अतिरिक्त नई बसें उपलब्ध कराने की मांग को लेकर भाजपा टनकपुर मंडल अध्यक्ष तुलसी कुंवर के नेतृत्व में उत्तराखंड परिवहन निगम को ज्ञापन सौंपा गया। ज्ञापन की प्रतिलिपि मुख्यमंत्री कार्यालय टनकपुर तथा सहायक महाप्रबंधक (संचालन) टनकपुर डिपो को भी भेजी गई।

ज्ञापन में कहा गया है कि टनकपुर उत्तराखंड का प्रवेश द्वार होने के साथ-साथ मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का विधानसभा क्षेत्र भी है। नेपाल सीमा से सटा यह नगर कुमाऊं और गढ़वाल मंडलों को जोड़ने वाला महत्वपूर्ण केंद्र है। प्रतिदिन बड़ी संख्या में विद्यार्थी, कर्मचारी, व्यापारी, श्रद्धालु एवं आम नागरिक पौड़ी, श्रीनगर और गढ़वाल के अन्य क्षेत्रों की यात्रा करते हैं, लेकिन सीधी बस सेवा उपलब्ध नहीं होने से यात्रियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ता है।

ज्ञापन में यह भी उल्लेख किया गया कि यदि टनकपुर से पौड़ी और श्रीनगर के लिए सीधी बस सेवा शुरू की जाती है तो कुमाऊं और गढ़वाल के बीच परिवहन संपर्क मजबूत होगा। साथ ही केदारनाथ, बद्रीनाथ सहित अन्य धार्मिक स्थलों की यात्रा करने वाले श्रद्धालुओं को भी सीधा और सुविधाजनक परिवहन विकल्प मिलेगा।

भाजपा मंडल अध्यक्ष ने बताया कि वर्तमान में टनकपुर डिपो में नई बसों की कमी के कारण कई मार्गों पर नियमित संचालन प्रभावित हो रहा है। इसलिए डिपो को अतिरिक्त नई बसें उपलब्ध कराते हुए उनमें से दो बसें टनकपुर–पौड़ी और टनकपुर–श्रीनगर मार्ग पर संचालित किए जाने की मांग की गई है।

उन्होंने विश्वास जताया कि यह जनहितकारी निर्णय उत्तराखंड परिवहन निगम की सेवाओं को और अधिक प्रभावी बनाएगा तथा कुमाऊं और गढ़वाल के बीच परिवहन व्यवस्था को नई दिशा देगा।

इस दौरान विनोद कुमार गढ़कोटी, कुमुद जोशी, नितिन मंगला, शिवम, दिलीप सक्सेना सहित अन्य कार्यकर्ता भी मौजूद रहे।

Rajiv Gupta

Written by Rajiv Gupta

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

टनकपुर में मानवता का महापर्व: भारत विकास परिषद के रक्तदान एवं एनीमिया जांच शिविर में उमड़ा सेवा का जज़्बा

टनकपुर में श्रद्धा के साथ मनाई गई संत शिरोमणि श्री रविदास जी की 650वीं जयंती