in , ,

विश्व मानव तस्करी विरोधी दिवस पर ग्राम छीनी गोठ में विधिक जागरूकता शिविर, ग्रामीणों को मानव तस्करी से बचाव की दी जानकारी

जिला विधिक सेवा प्राधिकरण चम्पावत की पहल, स्वास्थ्य जांच व निशुल्क दवा वितरण के साथ चला जागरूकता अभियान

Oplus_131072

विश्व मानव तस्करी विरोधी दिवस के अवसर पर जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, चम्पावत के सचिव के दिशा-निर्देशन में ग्राम छीनी गोठ स्थित मल्ली छीनी पंचायत घर में विधिक साक्षरता एवं जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन ग्राम प्रधान श्री इन्द्रदेव विश्वकर्मा के नेतृत्व में किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने भाग लिया।

शिविर में पीएलवी (अधिकार मित्र) ने ग्रामीणों को मानव तस्करी के बढ़ते खतरे, उसके दुष्परिणाम तथा महिलाओं और बच्चों के शोषण के विभिन्न तरीकों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। बताया गया कि किस प्रकार बच्चों को बहला-फुसलाकर शिक्षा से दूर कर जबरन मजदूरी, भीख मंगवाने तथा अन्य अवैध और आपराधिक गतिविधियों में धकेला जाता है। साथ ही महिलाओं और बालिकाओं को विवाह या रोजगार का झांसा देकर देह व्यापार एवं अन्य अपराधों में फंसाए जाने के मामलों के प्रति भी लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई।

ग्रामीणों को किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत महिला हेल्पलाइन 1090 एवं 1091, चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 तथा पुलिस आपातकालीन सेवा 112 पर देने की अपील की गई।

इस अवसर पर अपार संस्था द्वारा स्वास्थ्य शिविर भी आयोजित किया गया, जिसमें ग्रामीणों की ब्लड प्रेशर, शुगर, हेपेटाइटिस तथा एचआईवी की जांच की गई और जरूरतमंदों को निशुल्क दवाइयों का वितरण किया गया।

कार्यक्रम में पीएलवी अधिकार मित्र विजेंद्र अग्रवाल, सोनी सिंह, प्रियंका पंचोली, अनिल कुमार एवं सुनील कुमार उपस्थित रहे। वहीं प्रो बोनो पीएलवी आशीष, रोहित, प्रीति, एलिश एवं स्वाति ने भी शिविर में सक्रिय सहयोग देते हुए ग्रामीणों को विधिक एवं सामाजिक जागरूकता का संदेश दिया।

इस दौरान उपस्थित सभी लोगों ने मानव तस्करी जैसी गंभीर सामाजिक बुराई के खिलाफ मिलकर जागरूकता फैलाने और समाज को सुरक्षित बनाने का संकल्प लिया।

Rajiv Gupta

Written by Rajiv Gupta

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

टनकपुर में श्रद्धा के साथ मनाई गई संत शिरोमणि श्री रविदास जी की 650वीं जयंती

पुष्पवर्षा से हुआ कलश यात्रा का स्वागत, संत रविदास के समता और सामाजिक न्याय के संदेश से गूंजा टनकपुर