टनकपुर/बनबसा। टनकपुर पावर स्टेशन की चिकित्सालय परिषद, बनबसा द्वारा अपोलो अस्पताल, नई दिल्ली के सहयोग से एक दिवसीय निःशुल्क चिकित्सा शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का शुभारंभ पावर स्टेशन प्रमुख श्री ऋषि रंजन आर्य के करकमलों द्वारा किया गया। इस अवसर पर पावर स्टेशन के वरिष्ठ अधिकारी एवं चिकित्सालय की टीम भी उपस्थित रही।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पावर स्टेशन प्रमुख ऋषि रंजन आर्य ने कहा कि पावर स्टेशन अपने कर्मचारियों, उनके परिवारों तथा आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों के बेहतर स्वास्थ्य के लिए नियमित रूप से ऐसे चिकित्सा शिविर आयोजित करता है। उन्होंने सभी से इन स्वास्थ्य सुविधाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाने और अपने स्वास्थ्य के प्रति सदैव सजग रहने का आह्वान किया।

शिविर में अपोलो अस्पताल, नई दिल्ली से आए डॉ. विभु बहल (हड्डी रोग विशेषज्ञ) तथा डॉ. निशांत (नाक, कान एवं गला रोग विशेषज्ञ) ने मरीजों की स्वास्थ्य जांच कर आवश्यक परामर्श एवं उपचार संबंधी सुझाव दिए। साथ ही पावर स्टेशन के पावर हाउस एवं बैराज में कार्यरत कर्मियों की विशेष ऑडियोमेट्री (श्रवण क्षमता) जांच भी की गई।

इस आयोजन को सफल बनाने में पावर स्टेशन अस्पताल की चिकित्सकीय टीम ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। शिविर का लाभ पावर स्टेशन के कर्मचारियों, उनके परिवारजनों, सीआईएसएफ के जवानों तथा आसपास के ग्रामीणों ने उत्साहपूर्वक उठाया।
निःशुल्क चिकित्सा शिविर में कुल 121 लोगों की स्वास्थ्य जांच एवं परामर्श किया गया। स्थानीय लोगों ने इस जनकल्याणकारी पहल की सराहना करते हुए पावर स्टेशन प्रबंधन एवं अपोलो अस्पताल की टीम का आभार व्यक्त किया।


