बनबसा, 31 अगस्त 2026। प्रदेश के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को बनबसा में आयोजित ‘युवा संवाद एवं सम्मान समारोह’ में युवाओं से सीधा संवाद किया। होटल शुमंगलम में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने युवाओं के सवालों और जिज्ञासाओं के जवाब देते हुए कहा कि उत्तराखंड के विकास का मार्ग युवाओं की क्षमता, समर्पण और नए संकल्पों से ही प्रशस्त होगा।

कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन और राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम’ के साथ हुआ। कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय की छात्राओं ने स्वागत गीत प्रस्तुत किया। इसके बाद मुख्यमंत्री ने विभिन्न विषयों पर युवाओं से खुलकर संवाद किया।

मुख्यमंत्री के जीवन सफर से जुड़े सवाल पर उन्होंने अपनी शिक्षा, युवावस्था और राजनीतिक यात्रा के अनुभव साझा किए। उन्होंने युवाओं को प्रेरित करते हुए कहा कि कोई भी व्यक्ति जन्म से महान नहीं होता, बल्कि अपने दायित्वों का पूरी जिम्मेदारी और मनोयोग से निर्वहन करते हुए महान बनता है।

नकल विरोधी कानून और पारदर्शी रोजगार से जुड़े सवाल पर मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में सख्त नकल विरोधी कानून लागू होने के बाद भर्ती परीक्षाओं में पारदर्शिता सुनिश्चित हुई है। उन्होंने बताया कि अब तक 34 हजार से अधिक युवाओं को पारदर्शी प्रक्रिया के माध्यम से सरकारी नौकरियां मिली हैं। टनकपुर में परीक्षा केंद्र स्थापित किए जाने के संबंध में भी उन्होंने उचित प्रयास का भरोसा दिया।
नशे के खिलाफ युवाओं के सवाल पर मुख्यमंत्री ने ‘ड्रग फ्री उत्तराखंड’ अभियान का उल्लेख करते हुए युवाओं से स्वयं नशे से दूर रहने और दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि वर्ष 2047 तक विकसित भारत के संकल्प को पूरा करने में युवा शक्ति की महत्वपूर्ण भूमिका होगी।
यूसीसी, अवस्थापना विकास और शिक्षा से जुड़े सवालों पर मुख्यमंत्री ने चंपावत में करीब 56 करोड़ रुपये की लागत से अत्याधुनिक साइंस सेंटर के निर्माण की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि इससे जिले के युवाओं को विज्ञान एवं तकनीक के क्षेत्र में बेहतर अवसर मिलेंगे।
मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रदेश में युवा आयोग का गठन किया जा रहा है। यह आयोग युवाओं को सही दिशा, मार्गदर्शन, रोजगार और स्वरोजगार के अवसरों से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
अपने संबोधन में मुख्यमंत्री ने कहा कि देश की करीब 65 प्रतिशत आबादी युवा है और यही युवा शक्ति 21वीं सदी की सबसे बड़ी ताकत है। स्वामी विवेकानंद के विचारों का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि सही मार्गदर्शन मिलने पर युवा देश और प्रदेश का परिदृश्य बदल सकते हैं।
उन्होंने कहा कि सरकार का ‘विकल्प रहित संकल्प’ पर्वतीय क्षेत्रों से पलायन रोकने और स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर पैदा करने पर केंद्रित है। इसी दिशा में अल्मोड़ा, चमोली और पौड़ी में औद्योगिक पार्क स्थापित किए जा रहे हैं। चंपावत में आधुनिक पुस्तकालय, राजकीय पॉलिटेक्निक, इंजीनियरिंग कॉलेज, साइंस सेंटर और राज्य के पहले बालिका स्पोर्ट्स कॉलेज जैसी सुविधाओं को मजबूत किया जा रहा है।
युवा प्रतिभाओं का हुआ सम्मान
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने शिक्षा, खेल, समाजसेवा, स्वरोजगार और पर्यावरण संरक्षण सहित विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय कार्य करने वाली युवा प्रतिभाओं को सम्मानित किया।
नीट परीक्षा में सफल बसटिया की हिमानी विश्वकर्मा, अमेजॉन में 47 लाख रुपये वार्षिक पैकेज प्राप्त करने वाली बिचई की श्वेता चंद और राष्ट्रीय पैरा आर्म रैसलिंग में स्वर्ण पदक विजेता टनकपुर के पवन गढ़कोटी को सम्मानित किया गया।
इसके अलावा खेल एवं दिव्यांग कल्याण में राज्य स्तरीय दक्षता पुरस्कार विजेता संदीप रस्तोगी, निःशुल्क गौ सेवा से जुड़े पवन मेहता, नशा मुक्ति अभियान के संचालक मनीष सिंह, स्वच्छता एवं पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में कार्यरत अजंता विजय, बागवानी के माध्यम से स्वरोजगार स्थापित करने वाले कमल गिरी, माउंट एवरेस्ट विजेता पर्वतारोही वीरेंद्र सिंह सामंत, लोक संस्कृति एवं मीडिया इंफ्लुएंसर तरुण भट्ट तथा युवतियों को सेना और पुलिस भर्ती की निःशुल्क ट्रेनिंग देने वाली अरुणिमा रावत को भी सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में जिलाधिकारी मनीष कुमार, पुलिस अधीक्षक रेखा यादव, जिला पंचायत अध्यक्ष आनंद सिंह अधिकारी सहित भाजपा पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में युवा मौजूद रहे।


