नवयुवक रामलीला कमेटी, टनकपुर की ओर से आयोजित दशहरा महोत्सव का बुधवार को श्रद्धा, भक्ति और उल्लास से भरी भव्य कलश यात्रा के साथ शुभारंभ हुआ। सीताराम मंदिर से निकली कलश यात्रा में बड़ी संख्या में महिलाओं ने पारंपरिक वेशभूषा में शामिल होकर धार्मिक वातावरण को भक्तिमय बना दिया।

कलश यात्रा के दौरान आकर्षक झांकियां लोगों के आकर्षण का केंद्र रहीं। वहीं दिल्ली और संभल से आए ढोल वादकों की शानदार प्रस्तुतियों ने यात्रा में उत्साह और उमंग का रंग भर दिया। यात्रा के मार्ग में जगह-जगह स्थानीय लोगों ने पुष्पवर्षा एवं स्वागत कर श्रद्धालुओं का उत्साह बढ़ाया।

नवयुवक रामलीला कमेटी के अनुसार दशहरा महोत्सव के अंतर्गत 1 से 7 अक्टूबर तक श्रीमद्भागवत कथा, 8 अक्टूबर को भंडारा, 9 अक्टूबर को महिलाओं के लिए विशेष डांडिया कार्यक्रम तथा 10 अक्टूबर को सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

महोत्सव का प्रमुख आकर्षण 11 से 20 अक्टूबर तक होने वाला रामलीला मंचन रहेगा। 20 अक्टूबर को विजयदशमी के अवसर पर रावण परिवार के पुतलों का दहन किया जाएगा। वहीं 21 अक्टूबर को सांस्कृतिक कार्यक्रम एवं लकी ड्रॉ के साथ महोत्सव का भव्य समापन होगा।

कलश यात्रा के दौरान श्रद्धा और आस्था के साथ लोगों में दशहरा महोत्सव को लेकर खासा उत्साह देखने को मिला। कमेटी द्वारा महोत्सव को भव्य एवं आकर्षक बनाने के लिए व्यापक तैयारियां की गई हैं।

इस अवसर पर नवयुवक रामलीला कमेटी अध्यक्ष पंकज अग्रवाल, सचिव मयंक पंत, संस्थापक विशाल अग्रवाल, नीरज सिंह, बोर्ड अध्यक्ष गौरव गुप्ता, बोर्ड सचिव नितिन गुप्ता, संरक्षक हरीश भट्ट, संजय अग्रवाल, उपाध्यक्ष संजय गर्ग, कल्पना आर्य, गीता गुप्ता, सुषमा गुप्ता, बिंदु बत्रा सहित कमेटी के अन्य पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।


