टनकपुर। लघु व्यापार संगठन टनकपुर-चम्पावत इकाई के 25 सदस्यों का दल प्रदेश महामंत्री शिवकुमार सक्सेना के नेतृत्व में खाटू श्याम बाबा के दर्शन के लिए राजस्थान रवाना हुआ। यात्रा को लेकर लघु व्यापारियों में खासा उत्साह देखने को मिला। इस धार्मिक यात्रा के माध्यम से व्यापारियों ने सुख-समृद्धि एवं मंगलकामना के साथ बाबा श्याम के दरबार में हाजिरी लगाने का संकल्प लिया।

यात्रा रवाना होने से पूर्व समाजसेवी लाल बहादुर ने सभी लघु व्यापारियों को अंगवस्त्र पहनाकर एवं माल्यार्पण कर सम्मानित किया। वहीं सामाजिक कार्यकर्ता अनिल चौधरी (पिंकी) एवं भाजपा के पूर्व जिला अध्यक्ष दीप चंद्र पाठक ने हरी झंडी दिखाकर व्यापारियों के दल को राजस्थान के लिए रवाना किया।
इस अवसर पर अतिथियों ने सभी यात्रियों को सुखद एवं मंगलमय यात्रा की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने मां पूर्णागिरि से प्रार्थना करते हुए सभी यात्रियों की यात्रा सफल, सुरक्षित और सुखद होने की कामना की।
प्रदेश महामंत्री शिवकुमार सक्सेना ने बताया कि 25 सदस्यीय दल खाटू श्याम बाबा के दर्शन करने के बाद 2 अक्टूबर को टनकपुर वापस लौटेगा। उन्होंने कहा कि धार्मिक यात्राएं आपसी भाईचारे, श्रद्धा और सामाजिक एकजुटता को मजबूत करने का माध्यम भी बनती हैं।
यात्रा में गिरीश कुमार, हरि ओम, नरेश प्रजापति, मोहन चौहान, ओम प्रकाश, रमेश, राजकुमार, दामोदर सक्सेना, राम मूर्ति, कालीचरण, अनिल कुमार, सुनील, पुत्तू लाल, बाबू राम, नरेश चंद्र, तेजपाल, श्याम कुमार, जसवंत मौर्य, राहुल, दीपक, सतीश कुमार, पवन कुमार, छेदा लाल, हरि सिंह एवं रामकिशन सहित अन्य सदस्य शामिल रहे।
लघु व्यापारियों की इस धार्मिक यात्रा को लेकर क्षेत्र में भी शुभकामनाओं का दौर रहा। सभी ने यात्रियों के सुरक्षित आवागमन और बाबा श्याम के दर्शन के साथ सकुशल टनकपुर वापसी की मंगलकामना की।


