उत्तराखंड में सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को मजबूत बनाने की दिशा में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गुरुवार को मुख्यमंत्री आवास से उत्तराखंड परिवहन निगम की 59 नई साधारण बसों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। बीएस-06 उत्सर्जन मानकों के अनुरूप तैयार इन बसों के निगम के बेड़े में शामिल होने से प्रदेश में परिवहन सेवाओं के विस्तार को गति मिलने की उम्मीद है।

नई बसों का आवंटन प्रदेश के तीन मंडलों में किया गया है। इसमें नैनीताल मंडल को 19 बसें, जबकि टनकपुर मंडल और देहरादून मंडल को 20-20 बसें आवंटित की गई हैं। इन बसों का संचालन यात्रियों की आवश्यकता के अनुसार विभिन्न मार्गों पर किया जाएगा।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि प्रदेश सरकार सार्वजनिक परिवहन सेवाओं के विस्तार और आधुनिकीकरण के लिए निरंतर प्रयास कर रही है। विशेष रूप से पर्वतीय एवं दुर्गम क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को सुरक्षित, सुगम और सुविधाजनक परिवहन सेवाएं उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि प्रदेश के अंतिम छोर पर बसे गांवों तक विकास का लाभ पहुंचाने के लिए बेहतर सड़क संपर्क के साथ मजबूत सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था भी आवश्यक है।
वर्तमान में उत्तराखंड परिवहन निगम के बेड़े में कुल 1,276 बसें संचालित हैं। इनमें निगम की अपनी 891 तथा 385 अनुबंधित बसें शामिल हैं। 59 नई बसों के शामिल होने से निगम की परिवहन सेवाओं को और मजबूती मिलेगी। बीएस-06 मानकों वाली इन बसों से पर्यावरण संरक्षण के प्रयासों को भी बढ़ावा मिलेगा।
इस अवसर पर परिवहन मंत्री प्रदीप बत्रा, समाज कल्याण मंत्री खजान दास, विधायक भूपाल राम टम्टा, सचिव एवं परिवहन आयुक्त रविनाथ रामन सहित परिवहन विभाग और उत्तराखंड परिवहन निगम के अधिकारी मौजूद रहे।
टनकपुर मंडल को मिलीं 20 नई बसों से क्षेत्र में परिवहन सेवाओं के विस्तार की उम्मीद है। इन बसों का किन-किन मार्गों पर संचालन होगा, यह निगम की ओर से निर्धारित किया जाएगा।


