टनकपुर (चम्पावत)।
जनपद चम्पावत पुलिस ने साइबर अपराध के खिलाफ बड़ी और सराहनीय कार्रवाई करते हुए 04 वर्षों से फरार साइबर ठग को 2400 किलोमीटर दूर कर्नाटक (बेंगलुरु) से गिरफ्तार कर कानून के शिकंजे में ले लिया। यह सफलता पुलिस की सतर्कता, धैर्य और पेशेवर कार्यशैली का उत्कृष्ट उदाहरण है।
पुलिस अधीक्षक चम्पावत के स्पष्ट निर्देशों के क्रम में, माननीय न्यायालय से प्राप्त गैर-जमानतीय वारंटों की शत-प्रतिशत तामील एवं वांछित अभियुक्तों की गिरफ्तारी हेतु चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई।
क्षेत्राधिकारी टनकपुर सुश्री वंदना वर्मा के निकट पर्यवेक्षण में तथा प्रभारी निरीक्षक टनकपुर श्री चेतन रावत एवं एसओजी प्रभारी श्री कमलेश भट्ट के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई।
टीम ने लगातार सूचना संकलन, स्थानीय पुलिस से समन्वय एवं तकनीकी सर्विलांस के आधार पर मौ. फाजिल पुत्र मौ. हनीफ को बेंगलुरु के गुरप्पनपल्या क्षेत्र से 02:00 बजे रात्रि में नियमानुसार गिरफ्तार किया। अभियुक्त के विरुद्ध वर्ष 2022 में थाना टनकपुर में धारा 420 IPC के अंतर्गत साइबर ठगी का मामला दर्ज था, जिसमें AnyDesk ऐप के माध्यम से पीड़िता के खाते से ₹49,867/- की धोखाधड़ी की गई थी।
2400 किलोमीटर की दूरी, स्थान परिवर्तन और लगातार फरारी के बावजूद पुलिस टीम ने मानवीय अधिकारों का पालन करते हुए ट्रांजिट रिमांड प्राप्त कर अभियुक्त को सुरक्षित रूप से टनकपुर लाकर माननीय न्यायालय में प्रस्तुत किया।
यह कार्रवाई न केवल साइबर अपराधियों के लिए कड़ा संदेश है, बल्कि आमजन में सुरक्षा और भरोसे की भावना को भी मजबूत करती है।
चम्पावत पुलिस की यह सफलता प्रशंसा के योग्य है।


