चम्पावत। जिला मुख्यालय में प्रिंट और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया कर्मियों ने उधमसिंह नगर के खटीमा में एक पत्रकार के खिलाफ दर्ज मुकदमे के विरोध में जोरदार प्रदर्शन किया। आक्रोशित पत्रकारों ने भाजपा नेता कुलदीप सिंह राणा का पुतला दहन कर विरोध जताया और नारेबाजी की।
मीडिया कर्मियों का कहना है कि खटीमा के पत्रकार दीपक फुलेरा ने क्षेत्र में चल रहे रसोई गैस संकट को लेकर ग्राउंड रिपोर्टिंग की थी, जिसके बाद भाजपा नेता द्वारा शिकायत दर्ज कराई गई। आरोप है कि पुलिस ने बिना पर्याप्त जांच के ही पत्रकार के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया, जिसे पत्रकारों ने उत्पीड़न करार दिया।
प्रदर्शन के बाद पत्रकारों ने जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक के माध्यम से मुख्यमंत्री को ज्ञापन भेजकर मामले में निष्पक्ष जांच और दर्ज मुकदमे को निरस्त करने की मांग की। इस विरोध प्रदर्शन को समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं का भी समर्थन मिला।
प्रदर्शन में जिला पत्रकार संगठन के पदाधिकारी एवं सदस्य सहित कई सामाजिक और राजनीतिक कार्यकर्ता मौजूद रहे। पत्रकारों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन और तेज किया जाएगा


