स्वर्गीय श्री कैलाश गहतोड़ी स्टेडियम में आज उत्तराखंड सरकार के खेल विभाग द्वारा संचालित खेल कैंप एवं स्पोर्ट्स हॉस्टल का स्थलीय निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान उत्तराखंड राज्य स्तरीय खेल परिषद के माननीय उपाध्यक्ष श्री हेमराज बिष्ट ने खेल गतिविधियों का जायजा लिया।

इस अवसर पर उन्होंने खिलाड़ियों से संवाद करते हुए उन्हें खेलों में आगे बढ़ने और अपने भविष्य को उज्जवल बनाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने आश्वासन दिया कि राज्य सरकार एवं माननीय मुख्यमंत्री के निर्देशन में खेल सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए निरंतर कार्य किए जा रहे हैं, जिससे खिलाड़ियों और प्रशिक्षकों को उच्च स्तरीय संसाधन उपलब्ध कराए जाएंगे।

स्टेडियम प्रभारी मुकेश चंद्र शर्मा ने जानकारी देते हुए बताया कि टनकपुर क्षेत्र के कई खिलाड़ियों ने राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पदक जीतकर चंपावत जिले का नाम रोशन किया है।
निरीक्षण के दौरान बॉक्सिंग प्रशिक्षक ललित मोहन कुंवर, फुटबॉल प्रशिक्षक कुमार गौरव खोलिया, पवनेश पाटनी, सूरज पांडे, दीपक, हीरा, राकेश सहित अन्य खेल प्रशिक्षक एवं खिलाड़ी उपस्थित रहे।
यह निरीक्षण क्षेत्र में खेलों के विकास और खिलाड़ियों के मनोबल को बढ़ाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।


