कैबिनेट के बड़े फैसले से टनकपुर को मिला ‘उपहार’, नजूल भूमि के नियमितीकरण की उम्मीद पर शहर में खुशी की लहर

बनबसा में आयोजित उत्तराखंड कैबिनेट बैठक में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में जनता के हित में दो दर्जन से अधिक महत्वपूर्ण फैसले लिए गए। इन फैसलों में टनकपुर के लिए नजूल भूमि से जुड़ा निर्णय बेहद अहम माना जा रहा है। नजूल भूमि के संबंध में लिए गए फैसले से वर्षों से इस विषय को लेकर उम्मीद लगाए बैठे टनकपुरवासियों में खुशी की लहर दौड़ गई।

मुख्यमंत्री के इस निर्णय को टनकपुर के लोगों ने एक बड़े उपहार के रूप में लिया। फैसले की जानकारी सामने आने के बाद भाजपा कार्यकर्ताओं एवं पदाधिकारियों, मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय से जुड़े लोगों तथा नगर पालिका परिषद टनकपुर की ओर से अलग-अलग स्थानों पर मिठाई बांटकर खुशी का इजहार किया गया।
नगर पालिका परिषद टनकपुर में विशेष रूप से प्रेस वार्ता आयोजित कर कैबिनेट के इस महत्वपूर्ण निर्णय का स्वागत किया गया। इस दौरान दर्जा राज्यमंत्री सहित विभिन्न पदाधिकारी एवं जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। वक्ताओं ने कहा कि नजूल भूमि से जुड़े इस फैसले से टनकपुर के बड़ी संख्या में लोगों को राहत और अपने भूमि संबंधी अधिकारों को लेकर नई उम्मीद मिलेगी।
वहीं भाजपा कार्यालय और मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय में भी कार्यकर्ताओं एवं समर्थकों ने मिठाई बांटकर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के प्रति आभार जताया। लोगों का कहना है कि बनबसा में हुई कैबिनेट बैठक टनकपुर के लिए खास संदेश लेकर आई है और नजूल भूमि से जुड़ा फैसला शहर के लोगों के लिए लंबे समय से चली आ रही समस्या के समाधान की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
टनकपुरवासियों ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और प्रदेश सरकार का आभार जताते हुए कहा कि जनता से जुड़े मुद्दों पर सरकार द्वारा लिए जा रहे फैसले क्षेत्र के विकास और आम लोगों को राहत देने की दिशा में महत्वपूर्ण साबित होंगे।


