उत्तराखंड को नशामुक्त बनाने के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के संकल्प को धरातल पर उतारने में चम्पावत पुलिस लगातार सक्रिय भूमिका निभा रही है। पुलिस अधीक्षक श्रीमती रेखा यादव के सख्त निर्देशों के अनुपालन में टनकपुर पुलिस ने एक और प्रभावी कार्रवाई करते हुए दो नशा तस्करों को कुल 8.46 ग्राम अवैध स्मैक के साथ गिरफ्तार किया है।
मंगलवार को क्षेत्राधिकारी टनकपुर श्रीमती निहारिका सेमवाल के पर्यवेक्षण तथा प्रभारी निरीक्षक श्री चेतन रावत के नेतृत्व में कोतवाली टनकपुर पुलिस टीम द्वारा क्षेत्र में सघन चेकिंग अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान मनिहारगोठ रोड स्थित ग्रिप कैंप के पास से विशाल मिश्रा (23 वर्ष), निवासी मछली गली, वार्ड नंबर-4, टनकपुर के कब्जे से 4.70 ग्राम अवैध स्मैक बरामद की गई। वहीं हनुमान मंदिर के पास पार्किंग क्षेत्र से सुधीर शर्मा (25 वर्ष), निवासी वार्ड नंबर-4, टनकपुर के पास से 3.76 ग्राम अवैध स्मैक बरामद कर गिरफ्तार किया गया।
दोनों आरोपियों के विरुद्ध कोतवाली टनकपुर में एनडीपीएस एक्ट की सुसंगत धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी विशाल मिश्रा के विरुद्ध पूर्व में भी एनडीपीएस एक्ट का मामला दर्ज है, जबकि सुधीर शर्मा का भी आपराधिक इतिहास रहा है।
इस सफल कार्रवाई को अंजाम देने वाली पुलिस टीम में उपनिरीक्षक जितेंद्र बिष्ट, उपनिरीक्षक संदीप पिलख्वाल, हेड कांस्टेबल कमल कुमार, हेड कांस्टेबल प्रकाश सिंह, हेड कांस्टेबल घनश्याम तथा कांस्टेबल हितेंद्र वर्मा शामिल रहे, जिनकी सतर्कता और टीमवर्क की सराहना की जा रही है।
चम्पावत पुलिस ने आमजन से भी अपील की है कि उत्तराखंड को नशामुक्त बनाने के इस अभियान में अपना सहयोग दें। यदि कहीं भी नशीले पदार्थों की तस्करी या संदिग्ध गतिविधि की जानकारी मिले तो तत्काल 112, एएनटीएफ हेल्पलाइन 1933 अथवा MANAS पोर्टल के माध्यम से गोपनीय सूचना देकर समाज को नशे के जाल से मुक्त कराने में पुलिस का साथ दें।
