चम्पावत, 04 अगस्त। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के ‘ड्रग्स फ्री देवभूमि अभियान’ के तहत चम्पावत पुलिस ने नशा तस्करों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 1.490 किलोग्राम अवैध चरस बरामद की है। इस मामले में दो युवकों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से तस्करी में प्रयुक्त एक पल्सर मोटरसाइकिल भी सीज की गई है।
पुलिस अधीक्षक रेखा यादव के निर्देशन में चलाए जा रहे अभियान के तहत 3 अगस्त को क्षेत्राधिकारी टनकपुर निहारिका सेमवाल के पर्यवेक्षण में एसओजी एवं लोहाघाट पुलिस की संयुक्त टीम ने देवीधार-पंचेश्वर रोड पर चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान एक पल्सर मोटरसाइकिल (UK03C-8125) पर सवार दो संदिग्ध युवकों को रोककर तलाशी ली गई, जिसमें उनके पास से 1.490 किलोग्राम अवैध चरस बरामद हुई।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान आयुष चंद्र आर्य (22 वर्ष), निवासी छतार, चम्पावत तथा सौरव टम्टा (20 वर्ष), निवासी नसखोला, थाना पंचेश्वर, चम्पावत के रूप में हुई है। दोनों के खिलाफ थाना लोहाघाट में एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
प्रारंभिक पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि बरामद चरस स्थानीय स्तर पर तैयार की गई थी और उसे चम्पावत के एक व्यक्ति को ऊंचे दामों पर बेचने के उद्देश्य से ले जाया जा रहा था।
पुलिस अब इस पूरे नेटवर्क के फॉरवर्ड और बैकवर्ड लिंक की जांच कर रही है। पुलिस अधीक्षक ने संबंधित टीमों को नशा तस्करी से जुड़े अन्य लोगों की पहचान कर उनके विरुद्ध भी सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।
चम्पावत पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि यदि कहीं भी मादक पदार्थों की खरीद-फरोख्त या तस्करी की सूचना मिले तो तत्काल मानस हेल्पलाइन 1933, 112 अथवा नजदीकी पुलिस स्टेशन को सूचित करें। पुलिस ने भरोसा दिलाया है कि सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।


